आजमगढ़। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 और विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने रविवार को कलेक्ट्रेट के तीसरे तल पर स्थापित निर्वाचन शिकायत निस्तारण कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर उसे सक्रिय कराया।
निर्वाचन संबंधी शिकायतें दर्ज कराने के लिए 05462-246398, 05462-297551, 05462-297558 और मोबाइल नंबर 9454417172 जारी किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कंट्रोल रूम में दोनों निर्वाचन से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। प्राप्त शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा। कंट्रोल रूम के माध्यम से निर्वाचन कार्य में लगे सुपरवाइजर और बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से संबंधित शिकायतों पर भी कार्रवाई की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कंट्रोल रूम नियमित रूप से कार्य करेगा। निरीक्षण के दौरान सीडीओ राकेश कुमार पटेल, कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व नरेंद्र सिंह, एसडीएम आकाश कुमार, डीआईओ डॉ. पंकज कुमार और एनआईसी के चंदन यादव उपस्थित रहे।