आजमगढ़। सार्वजनिक वितरण प्रणाली मिलने वाले खाद्यान्न के वितरण में अनियमितता का मामला पकड़ में आने के बाद डीएम ने कार्रवाई का चाबुक चलाया है। डीएम के आदेश पर पूर्ति अधिकारी ने मेंहनगर तहसील के ग्राम पंचायत देवईत के कोटे की दुकान का अनुबंध निलंबित कर दिया। वहीं निलंबित दुकान को नजदीकी ग्राम पंचायत नई के कोटा से संबद्ध कर दिया गया। इसके साथ ही निलंबित उचित दर विक्रेता से एक सप्ताह के अंदर मय अभिलेख पत्र के साथ स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
मेंहनगर तहसील क्षेत्र के देवईत ब्लाक के रहने वाले वीरेंद्र, सुनील, गायत्री सहित दर्जनों ग्रामीणों ने 15 सितंबर को उपायुक्त खाद्य आजमगढ़ मंडल से शिकायत की थी। उनका आरोप था कि कोटेदार सूर्यभान द्वारा अनियमितता बरती जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच करने के लिए टीम गठित की थी। जांच के दौरान खाद्यान्न वितरण में अनियमितता पाई गई। जिलापूर्ति अधिकारी सुनील कुमार पुष्कर ने बताया कि डीएम के निर्देश पर पर कोटे की दुकान का अनुबंध निलंबित कर दिया गया। कार्डधारकों को राशन लेने में परेशानी न हो इसके लिए ग्राम पंचायत नई के कोटेदार संतोष राजभर से संबद्ध कर दिया गया है।