लाटघाट। डीएम राजेश कुमार द्वारा बृहस्पतिवार को सगड़ी तहसील क्षेत्र के घाघरा नदी पर गांगेपुर मठिया में बन रहे तीन ठोकरों, बाढ़ चौकियों, जोकहरा एवं सहारनपुर रिंग बांध का निरीक्षण किया गया। डीएम ने बाढ़ चौकियों को सक्रिय करने एवं ठोकरों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड को दिया।
इस दौरान उन्होंने गांगेपुर, रोशनगंज, हैदराबाद, कुढ़ही में विस्थापितों के लिए बनाए गए आश्रय स्थलों का भी निरीक्षण किया और उस पर मिट्टी आदि डालकर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। 10 बाढ़ चौकियों का निरीक्षण करते हुए नवनिर्मित बाढ़ चौकी गांगेपुर का भी निरीक्षण किया एवं गांव में चल रहे वैक्सीनेशन की जानकारी ली। डीएम ने नवनिर्मित ठोकर व पिछले वर्ष घाघरा नदी के द्वारा टेकनपुर कटे हुए बांध का निरीक्षण करते समय अधिशासी अभियंता दिलीप कुमार को दोनों तरफ हुए गड्ढों को जल्द पाटने के साथ ही बंधे पर खड़ंजा लगाने के लिए बीडीओ हरैया को निर्देशित किया। इसके बाद डीएम ने गांगेपुर में ठोकरों का निर्माण जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
अधिशासी अभियंता दिलीप कुमार ने एक सप्ताह में कार्य को पूरा करने का आश्वासन दिया। इस दौरान बदरहुवा नाले के पास सहनूपुर के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान अरुण कुमार सिंह पटेल के नेतृत्व में दर्जनों की संख्या में जिलाधिकारी से मांग किया कि सहनूपुर बांध की मरम्मत कराई जा रही है। जिसकी ऊंचाई कम कर दी गई है एवं पुराने बंधे की मिट्टी काट कर ही ऊपर फेंक दी जा रही है, जिससे बंधा कमजोर हो जा रहा है। वहीं बांध पर स्लोप निर्माण नहीं हुआ है जिससे कटान का खतरा बना रहेगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व गुरु प्रसाद ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि अन्य विभाग के इंजीनियरों की टीम को लगा कर इसकी जांच कराएंगे और जांच के बाद जो तथ्य आएगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। टेकनपुर की ग्राम प्रधान कृष्णा पटेल व ग्रामीणों ने बांध के ऊपर पिच मार्ग बनाने एवं पक्का करने की मांग की। डीएम ने बीडीओ अजमतगढ़ एवं हरैया से कहा कि कि जो छोटे-छोटे रिंग बांध हैं उनकी मनरेगा द्वारा मरम्मत कराई जाए। इस मौके पर एडीएम गुरुप्रसाद, सीएमओ डा. एके मिश्रा, सीवीओ डा. वीके सिंह, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड दिलीप कुमार, एसडीएम सगड़ी गौरव कुमार आदि उपस्थित थे।