आजमगढ़। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओें ने रविवार को भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहब डॉ. भीम राव आंबेडकर का परिनिर्वाण दिवस मनाया।
जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह की अध्यक्षता में डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव मणींद्र मिश्र के नेतृत्व में बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर का त्याग, बलिदान हमेशा याद किया जाता रहेगा। बाबा साहब समाज सुधारक, संपादक, कुशल राजनेता एवं संपूर्ण भारत में समरसता प्रदान करने वाले नेता थे। उन्होंने हर जाति, धर्म, संप्रदाय, आदिवासी एवं वंचित समाज को जोड़कर एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया। हम उनके बताए हुए रास्ते पर चलकर ही संवैधानिक मूल्यों की रक्षा कर सकते हैं। कार्यक्रम में बेलाल अहमद, पूर्णमासी प्रजापति, तेज बहादुर यादव, मुन्नू यादव, ओंकार पांडेय, अरविंद पांडेय, मुन्नू मौर्य, अजीज इमाम, रविशंकर पांडेय, अंशुमाली राय, प्रिंस सिंह राजपूत आदि उपस्थित थे।
वहीं सपा कार्यालय में भी परिनिर्वाण दिवस पर बाबा साहब डा. आंबेडकर को याद किया गया। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान पूर्व सांसद बलिहारी बाबू ने कहा कि बाबा साहब नहीं होते तो दलितों, वंचितों, पिछड़ों को अधिकार नहीं मिलते। उन्होंने इसके लिए संघर्ष किए और यातनाएं झेलीं। आज आवश्यकता है कि बाबा साहब के आदर्शों व बताए गए रास्ते पर चलकर समाज के दबे कुचले लोगों को न्याय दिलाया जाए। निवर्तमान जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि बाबा साहब ने सामाजिक, आर्थिक शैक्षिक आधार पर पिछड़े लोगों को आरक्षण देकर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया था लेकिन भाजपा संविधान में संशोधन कर उच्च वर्ग के लोगों को आरक्षण का प्रावधान कर बाबा साहब के सपनों को चकनाचूर कर दिया। इस मौके पर दुर्गविजय राम, बबिता चौहान, जगदीश राम, गुड्डू देवी, सपना निषाद, सूरज राजभर, विनोद यादव, शिवसागर यादव आदि उपस्थित थे।