असली नोटों पर कब्ज दूर करने वाले कैप्सूल का पाउडर लगाकर उन्हें फर्जी नोट बताते थे
पुलिस की पूछताछ में आरोपी अरविंद गौतम ने बताया कि गिरोह में शामिल आरक्षी अर्जुन की अगुवाई में वे लोगों को रुपये तिगुना करने का लालच देकर फंसाते थे। शंकर और राम हरख असली नोटों पर बैद्यनाथ के कब्ज दूर करने वाले कैप्सूल का पाउडर लगाकर उन्हें फर्जी नोट बताते थे। बताया कि पाउडर के कारण पानी डालने पर नोट गुलाबी हो जाता, जिससे लोग विश्वास कर लेते।
इसके बाद ग्राहकों को सुनसान जगह पर बुलाते थे, जहां अर्जुन पुलिस वर्दी में पहुंचकर डराता और रुपये छीनकर भाग जाता था। डर के मारे पीड़ित शिकायत नहीं करते थे। बाद में गिरोह आपस में रुपये बांट लेता था। बरदह थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू की है। गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश जारी है।