मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंसूर आलम के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट चौराहे पर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका।
लोगों को संबोधित करते हुए मंसूर आलम ने कहा कि दिन की कटौती तो किसी प्रकार से लोग झेल ले रहे हैं, लेकिन रात को किसी भी समय होने वाली कटौती से शहर से लेकर गांव तक के लोग बेहाल हैं। इस मनमानी कटौती से नगर क्षेत्र के लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है।
बोले आजमगढ़ के सांसद मुलायम सिंह यादव ने अपने संसदीय क्षेत्र में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति का वादा किया था। पूर्व महामंत्री मुन्नू मौर्या ने कहा कि अघोषित विद्युत कटौती से जनमानस त्रस्त है। विद्युत कटौती से पेयजल की जहां समस्या बढ़ गई है, वहीं रात में हो रही कटौती से छोटे बच्चों का बुरा हाल हो जा रहा है और डायरिया का प्रकोप भी तेजी से पांव फैला रहा है। नींद पूरी न होने के कारण लोगों में चिड़चिड़ापन बढ़ रहा है।
सदर सांसद मुलायम सिंह यादव से लोगों को काफी उम्मीदें थी लेकिन वह लोगों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। श्याम देव यादव, बदरे आलम, प्रदीप यादव, राजाराम यादव, महेश श्रीवास्तव, राकेश चौधरी, नौशाद अहमद आदि उपस्थित रहे।
उधर, हालत यह है कि बिजली के आने और जाने का कोई निश्चित समय नहीं है। कुल मिलाकर नगर क्षेत्र में 10 से 12 घंटे बिजली ही लोगों को उपलब्ध हो पा रही है। वहीं विभाग के अधिकारी ओवरलोडिंग के कारण कटौती होने का राग अलाप रहे हैं।