आजमगढ़। यूपी बोर्ड के परीक्षार्थी इस समय बेहद परेशान हैं। कुछ दिनों पहले बोर्ड ने उनकी परीक्षा तिथियां घोषित कर दी थीं। हालांकि अचानक ही उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने बयान जारी कर कह दिया की परीक्षाएं पंचायत चुनाव के बाद कराई जाएंगी। ऐसे में बोर्ड परीक्षा को लेकर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 195896 छात्र-छात्राओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
पंचायत चुनाव का पूरा कार्यक्रम घोषित हो चुका है, दो मई को परिणाम जारी करने की घोषणा भी हो गई है। मगर, बोर्ड परीक्षाओं की तिथि घोषित न होने से छात्र-छात्राओं की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। उनका कहना है, अब जो परीक्षा स्कीम जारी होगी उसे लेकर अभी जब तस्वीर साफ नहीं हैं, तो किस विषय की तैयारी करें यह नहीं समझ पा रहे हैं। वहीं विभागीय अफसरों का कहना है कि परीक्षाएं शुरू होने के बाद 14 से 16 दिनों में करा दी जाएंगी। इससे साफ है, कि तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को पेपर में कई दिनों का गैप नहीं मिलेगा। इसलिए परीक्षाएं शुरू होने से पहले ही परीक्षार्थियों को अपनी ठोस तैयारी करनी होगी।
जिला विद्यालाय निरीक्षक डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि छात्र-छात्राएं अपनी ठोस तैयारी करें। बोर्ड द्वारा अभी तक परीक्षाओं की तिथि जारी नहीं हुई है। उम्मीद है कि परीक्षाएं टलेंगी लेकिन बोर्ड की ओर से जारी गाइडलाइन आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। हालांकि छात्र वेबसाइट से पूरी जानकारी कर सकते हैं।