आजमगढ़। नगर पालिका परिषद मुबारकपुर का फर्जी गृहकर बिल प्रकरण की शिकायत अब डीएम से हो गई है। पहले इस प्रकरण को नपा प्रशासन दबाने में जुटा था तो वहीं अब मुबारकपुर पुलिस प्रकरण को दबा कर बैठी हुई है। एक पखवारा पूर्व नपा की तरफ से तहरीर मिलने के बाद भी अब तक कार्रवाई तो दूर मुकदमा तक दर्ज नहीं किया गया है। इस पर मुबारकपुर निवासी एक व्यक्ति ने सोमवार को डीएम से इसकी शिकायत की है।
मुबारकपुर नगर पालिका में गृहकर व जलकर की फर्जी रसीद काट कर धन उगाही का खेल काफी दिनों से चल रहा है। नपा के कुछ सभासद और कर्मी इस गोरखधंधे में लगे हैं। ऐसे ही एक फर्जी गृहकर का रसीद नपा के पास जमा हुए भवन मानचित्र की स्वीकृति के लिए भेजी गई पत्रावली में मिला। नपा प्रशासन ने इस प्रकरण को पहले अपने स्तर से ही दबाने का प्रयास किया लेकिन प्रकरण मीडिया में आ जाने पर नपा प्रशासन ने जांच शुरू की। इसके तहत गृहस्वामी समेत कुछ लोगों को नोटिस आदि दी गई और फिर नोटिस में आए जवाब के आधार पर मुबारकपुर थाने पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर भी दे दी गई। थाने पर तहरीर दिए हुए एक पखवारा होने को है और नपा के बाद अब मुबारकपुर थाना पुलिस प्रकरण को दबाने की कोशिश में जुटी हुई है। अब तक नपा के ईओ राजपति अविचल के तहरीर पर मुकदमा न दर्ज होने पर कस्बा निवासी आमिर फहीम ने सोमवार को इस प्रकरण की शिकायत डीएम से की और उन्होंने आरोप लगाया कि यह फर्जीवाड़ा काफी दिनों से चल रहा है और इसमें नपा के कुछ सभासद भी शामिल हैं। ऐसे में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए।