तहसील में आयोजित तहसील दिवस में मंगलवार को 214 फरियादियों ने प्रार्थना-पत्र दिया। विधायक आलम बदी और जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने मौके पर 15 मामलों का निस्तारण किया। इस दौरान खेल मैदान की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत लेकर ग्रामसभा जहीरपुर के युवा खिलाड़ी डीएम से मिले।
डीएम को बताया कि कुछ लोग गांव में स्थित खेल की भूमि पर अवैध तरीके से कब्जा कर रहे हैं। इस संबंध में 21 जून को और पांच जुलाई को तहसील दिवस पर प्रार्थना-पत्र दिया गया। लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। डीएम ने खिलाडिय़ों की समस्या को सुनने के बाद संबंधित को तत्काल कब्जा हटवाने का निर्देश दिया। प्रार्थना-पत्र देने वालों में रामअशीष, अखिलेश यादव, सचिन यादव, शिवम यादव आदि खिलाड़ी मौजूद थे।
तहसील पर मंगलवार को फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ इतनी थी कि तहसील गेट तक फरियादियों की लाइन लगी थी। इस बीच तहसील दिवस पर जिलाधिकारी सुहास एलवाई के पहुंचते ही फरियादी डीएम को अपना-अपना प्रार्थना-पत्र देने के लिए आतुर हो गए। डीएम ने स्वयं जाकर प्रार्थना-पत्र लिया। इस दौरान कई लोगों ने अपने मांगों को लेकर तहसील गेट पर प्रदर्शन भी किया। डीएम ने सभी की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को मामले के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया।
ग्राम सभा खतिरपुर के कार्डधारकों ने प्रधान राम बिहारी सोनकर और बीडीसी सदस्य अंगद वर्मा के नेतृत्व में तहसील दिवस में पहुंच कोटेदार द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक पैसा लेने, अपात्रों को लाभ देने की शिकायत डीएम से की। ज्ञापन सौंप कोटा निरस्त किए जाने की मांग की। कार्डधारक संघीलाल सोनकर, कमलाकांत, रामू कुमार, रामबचन, रोहित राम, नरसिंह प्रसाद, लालचंद, लालचंद, बृजभान, ललीता, रेखा, रमेश, धनराज, बीरबल ने आरोप है लगाते हुए कहा कि जब क्षेत्र के पूर्ति निरीक्षक से कोटेदार की शिकायत की गई तो उन्होंने कहा कि कोटेदार अगर पांच रुपया ज्यादा ले रहा तो लेने दो।
यही नहीं कोटेदार और पूर्ति निरीक्षक की मिलीभगत से अपात्र कार्ड धारकों को लाभ दिया जा रहा है। तहसील दिवस में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक डा. विपिन ताड़ा, उपजिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं अंबारी संवाददाता के अनुसर फूलपुर तहसील में तहसील दिवस पर उपजिलाधिकारी दिवाकर सिंह की अध्यक्षता में 50 मामले आए। जिसमें एक राजस्व के मामले का निस्तारण हो सका। इस दौरान बीबीगंज गांव की महिलाओं ने गांव के कोटेदार द्वारा राशन न देने का आरोप लगा प्रदर्शन किया। एसडीएम को शिकायती पत्र सौंप कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर रहनुमा बानो, अनीता, बीना, उमा, सरिता, तीजा, आशा, पूजा आदि मौजूद रहीं।