आजमगढ़। डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि माता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर त्रिशताब्दी वर्ष मनाने के लिए डीएम ने व्यापक आयोजनों के निर्देश दिए।
उन्होंने डीआईओएस और बीएसए को सरकारी और गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों में अहिल्याबाई के नैतिक विचारों को प्रचारित करने, उनके शासन, समाज सुधारों और विचारों पर आधारित विशेष सत्रों, कार्यशालाओं, निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी, कविता और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन करने को कहा। साथ ही, उनके जीवन पर बनी डॉक्यूमेंट्री और फिल्मों का प्रदर्शन करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पर्यटन अधिकारी को जनपद की प्राचीन धरोहरों को चिह्नित कर उनके जीर्णोद्धार और डिजिटल माध्यमों से प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। अहिल्याबाई द्वारा स्थापित मंदिरों और नदी घाटों के सुंदरीकरण व स्वच्छता अभियान चलाने को कहा। उनके प्रेरणादायी वचनों और प्रसंगों को लघु फिल्मों, ग्राफिक्स और पुस्तिकाओं के माध्यम से सोशल मीडिया पर प्रचारित करने के निर्देश दिए गए। उनके द्वारा जीर्णोद्धार किए गए मंदिरों में चित्रकला कार्यशालाओं और अभिलेख प्रदर्शनियों का आयोजन भी होगा।
31 मई को बनारस के काशी विश्वनाथ धाम में त्रिशताब्दी वर्ष महोत्सव का समापन समारोह राज्य स्तरीय आयोजन के रूप में होगा, जिसका सभी जनपदों में जनसहभागिता के साथ लाइव प्रसारण किया जाएगा। जिलाधिकारी ने महिला कल्याण और समाज कल्याण विभाग को गरीब बच्चों के लिए किताब वितरण, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, महिला सशक्तिकरण कार्यशालाएं और प्रेरणा रैली आयोजित करने के निर्देश दिए।