आजमगढ़। प्रधान डाकघर के आधार सेवा केंद्र पर आधार कार्ड बनवाने की व्यवस्था से नाराज लोगों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। उन्होंने जमकर नारेबाजी की। इस आक्रोश को देखते हुए दोपहर में कुछ देर के लिए काउंटर बंद करने पड़े। हंगामा बढ़ता देख डाक कर्मियों ने सिविल लाइन पुलिस चौकी पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस जैसे-तैसे लोगों को शांत कराई।
आधार नंबर जरूरी होने से इस आइडी को बनाने की होड़ डाकघर व बैंकों पर लग रही। कोरोना काल में करीब साढ़े पांच माह प्रभावित रहे आधार सेवा काउंटर के बहाल होने के साथ भीड़ भी बढ़ी है। व्यवस्था बेहतर न होने की वजह से लोग आधार बनवाने के लिए दोनों जगह धक्के खा रहे। सोमवार को प्रधान डाकघर पर दर्जनों की संख्या में लोग एकत्र हो गए। आधार सेवा काउंटर खुलने पर नेटवर्क फेल होने की बात डाक कर्मचारी करने लगे। इस पर हंगामा शुरू हो गया। भीड़ अधिक होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची गई। समझाने पर लोग नहीं माने, तो पुलिस ने सख्ती बरती और भीड़ को हटाया। लोगों का आरोप है कि आधार कार्ड बनाने के लिए कोई व्यवस्था नियम से नहीं है। आधार कार्ड बनवाने आए लोगों का कहना था कि वह इस बदहाल व्यवस्था की शिकायत जिला प्रशासन से करेंगे। आरोप है कि सभी प्रमाण पत्र उनके पास है। इसके बाद भी उन्हें आधार बनवाने के लिए दौड़ाया जा रहा है।
मोबाइल नंबर व पता बदलने से बढ़ रही भीड़
मोबाइल नंबर व पता बदलने को लेकर आधार संशोधन के लिए भीड़ ज्यादा लग रही है। छात्रवृत्ति को लेकर रजिस्ट्रेशन में आधार की जरूरत और दर्ज फोन नंबर की अनिवार्यता के कारण कुछ छात्र-छात्रा ऐसे भी पहुंच रहे, जिनके मोबाइल नंबर बदल गए है लेकिन आधार कार्ड में संशोधन नहीं है। ऐसे में परेशानी आ रही है। क्योंकि उनके आधार कार्ड पर जो मोबाइल नंबर है, उन नंबरों पर ही ओटीपी पहुंच रही है। जिस कारण छात्र-छात्राओं की भी भीड़ लग रही।
आज मैं कार्यालय में नहीं था। यहां क्या हुआ इसकी जानकारी मुझे नहीं है। पता करते हैं क्या हुआ है। जैसा होगा आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- योगेंद्र मौर्य, प्रवर डाक अधीक्षक, प्रधान डाकघर आजमगढ़।