राष्ट्रीय हिंदू महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश तिवारी द्वारा हजरत मोहम्मद साहब के ऊपर की गई टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को जहानागंज ब्लाक के ताना-बाना मैदान में मुस्लिम समुदाय ने सभा का आयोजन किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने कमलेश को कठोर दंड दिए जाने के साथ किसी भी धर्म का अपमान करने वालों के विरुद्ध कड़े कानून बनाने की मांग की।
ताना-बाना मैदान में सभा को संबोधित करते हुए मौलाना ताहिर मदनी ने कहा कि हमारे देश में सभी धर्म के लोग निवास करते है। भाईचारे को बिगाड़ने के लिए कुछ सिरफिरे धर्म पर टिप्पणी करते हैं। ऐसे लोगों को कड़ी सजा देने के लिए कानून बनाने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि मुहम्मद साहब पर टिप्पणी बर्दाशत नहीं की जाएगी।
उधर सभा में स्लोगन लिखी तख्तियां लिए लोगों ने कमलेश तिवारी को फांसी दो आदि नारे लगाए। जनसभा को जमील अहमद ने संबोधित किया। अध्यक्षता मौलाना अब्दुर्रब ने की। डा. नसीम प्रधान, आलगीर, मोहम्मद युनूस, मोहम्मद अफजल अहमद, मोहम्मद अमीन, जुबैर अहमद, हाजी शौकत, हाजी मंजूर, गुलाम साबिर, वामिक खान मौजूद रहे।