पुरानी पेंशन बहाली सहित 10 सूत्रीय मांगों को लेकर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की दो दिवसीय पेनडाउन हड़ताल मंगलवार को शुरू हुई। हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने अपने कार्यों को बंदकर विभिन्न विभागों का भ्रमण करने के बाद कुंवर सिंह उद्यान में जनसभा की।
परिषद के जिलाध्यक्ष रवींद्र प्रताप श्रीवास्तव ने कहा कि काफी दिनों से राज्य कर्मचारियों द्वारा पुरानी पेंशन बहाली की मांग की जा रही है लेकिन सरकार की ओर से हमारी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
इसके अलावा, विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग भी संगठन द्वारा काफी दिनों से की जा रही है लेकिन आज तक हमें आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला। हमारी मांग है कि राज्य कर्मचारियों को केंद्रीय कर्मचारियों की भांति आठ, 16 और 24 वर्ष पर प्रोन्नति वेतनमान दिया जाए।
जनसभा में अध्यक्ष ने समस्त राज्य कर्मचारियों से अपील की कि वह बुधवार को डीएम कार्यालय पर आयोजित धरने को सफल बनाएं।मौके पर विक्रम राम, हरिहर सिंह, अवलेंद्र सिंह, सुशील कुमार श्रीवास्तव, ब्रह्मचारी राय, सुरेंद्रनाथ दुबे, हरिगोविंद सिंह, दुर्गा, प्रभा सिंह, रंजीता राय, राधिका देवी, दीमा देवी उपस्थित थीं।