बीटीसी 2015 के काउंसिंग में अनियमितता का आरोप लगा डायट के सामने किया चक्का जाम।
बीटीसी अभ्यर्थियों ने मंगलवार की दोपहर को डायट प्रशासन पर स्कूल आवंटन में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जाफरपुर स्थित डायट के सामने जाम कर दिया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने जमकर नारेबाजी की। उधर जाम के चलते मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लगभग एक घंटे बाद जाम स्थल पर पहुंची पुलिस ने अभ्यर्थियों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद अभ्यर्थी डीएम से मिलने उनके आवास पहुंचे। देर शाम तक अभ्यर्थी डीएम आवास के बाहर बैठे थे।
अभ्यर्थी मयंक यादव ने बताया कि बीटीसी कालेज का आवंटन करने में डायट की ओर से नियमों की अनदेखी की गई हैं। उन्होंने कहा कि जबकि कालेज का आवंटन रोस्टर प्रणाली या मेरिट क्रम के आधार पर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार प्रार्थी के नजदीक का विद्यालय मेरिट के अनुसार मिले लेकिन महिला अभ्यर्थियों का विकल्प प्रपत्र भरवाकर केवल कोटापूर्ति की गई है। साथ ही अन्य विद्यालय घर से 70 से 80 किमी दूर आवंटित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इसे लेकर मंगलवार को अभ्यर्थी डायट प्राचार्य से मिलने पहुंचे थे। लेकिन उन्होंने अभ्यर्थियों की बात तक नहीं सुनी। जिससे नाराज अभ्यर्थी जाम करने को बाध्य हुए। उधर जाम के चलते डायट के सामने वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। जिसके कारण उधर से गुहरने वालों राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस अभ्यर्थियों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद अभ्यर्थी इसकी शिकायत करने जिलाधिकारी के आवास पहुंचे। इस अवसर पर कीर्तिका यादव, संजय सिंह, गरिमा सिंह, करुणा प्रजापति आदि मौजूद रहे।