फूलपुर में पुराने लेखपाल संघ भवन को गिराते समय मजदूर की मौत तीन घायल।
- फोटो : AZAMGARH
मेजवां। फूलपुर तहसील परिसर स्थित पुराने जर्जर लेखपाल भवन को मंगलवार की शाम को तोड़ते समय छत ढह गया। मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि तीन घायल हो गए। इन्हें क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। तहसील परिसर में हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम, तहसीलदार, सीओ सहित अन्य ने मौके का मुआयना किया।
जौनपुर के खेतासराय थाने के खोदौली गांव निवासी राजेश बिंद (40) पुत्र मोती फूलपुर कोतवाली के बक्शपुर गांव स्थित अपनी ससुराल में रहता था। यहीं पर मजदूरी करता था। फूलपुर तहसील परिसर में लेखपालों का भवन पुराना और जर्जर हो गया है। इसके स्थान पर नए भवन का प्रस्ताव है। ऐसे में लेखपाल संघ के पदाधिकारी मजदूरों को लगाकर पुराना भवन तोड़वा रहे थे। इस दौरान राजेश बिंद के अलावा फूलपुर कोतवाली के पूराहाशिम डारीडिह निवासी अशोक (42) पुत्र रामपलट, पंकज (35) पुत्र हरिलाल और जितेंद्र (35) पुत्र जवाहिर मिलकर भवन तोड़ रहे थे। दिन में करीब तीन बजे इन मजदूरों में कुछ लोग छत के नीचे का हिस्सा तोड़ रहे थे जबकि कुछ लोग छत पर चढ़कर तोड़ रहे थे। इस दौरान छत भरभराकर ढह गया। मलबे में दबकर यह चारों मजदूर घायल हो गए। लोग आनन-फानन में मलबा हटाकर इन मजदूरों को बाहर निकालकर क्षेत्र के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां परीक्षण कर डाक्टर ने राजेश बिंद को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य तीनों का यहीं पर इलाज चल रहा है। राजेश बिंद तीन बेटी और एक बेटे का पिता था। उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। सीओ फूलपुर रविशंकर प्रसाद ने बताया कि राजेश बिंद की लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी गई।