आजमगढ़। परिवहन निगम कर्मचारी अधिकारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर परिवहन निगम के कर्मचारियों ने सोमवार को रोडवेज भवन में जन जागरण कार्यक्रम किया। इसमें परिवहन निगम के कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा करने के लिए धरना-प्रदर्शन सहित तमाम रणनीति बनाई।
पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के आवाहन पर 18 नवंबर से 24 नवंबर तक प्रदेश भर के सभी डिपो में भोजनावकाश में गेट मीटिंग कर मुख्यमंत्री से मांगों की पूर्ति के लिए गुहार लगाने का फैसला लिया गया है। बावजूद इसके हमारी मांग पूरी नहीं हुई तो हम सभी 25 नवंबर को प्रदेश भर के हर जिले में स्थापित रोडवेज बस स्टेशन डिपो में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर शासन व निगम प्रबंधन को डीएम एवं क्षेत्रीय प्रबंधक के माध्यम से ज्ञापन भेजा जाएगा। मोर्चा की प्रमुख मांगों में परिवहन निगम को कमजोर करने वाली निजीकरण की कई कार्रवाई या बंद करने की मांग की गई है। इसमें लखनऊ गोरखपुर मार्ग सहित राष्ट्रीयकृत मार्गों पर निजी बसों के संचालन की समस्त योजनाओं पर रोक लगाने, अंतर राज्य परिवहन समझौते प्रचलित नियमों व अधिनियम के प्रावधानों के विपरीत जाकर इनमें निगम हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने सहित तमाम मांगे शामिल हैं। संचालन क्षेत्रीय मंत्री पीएन सिंह ने किया। सभा में जशवंत सिंह, राजेंद्र यादव, गिरीश चंद पांडेय, द्वारिका नाथ पांडेय, धीरेंद्र कुमार सिंह, विपिन पांडेय, सतेंद्र कुमार, विजय पांडेय, रामकीर्तिराम, गिरिजेश त्रिपाठी, अनिल शुक्ला व मधुकर चतुर्वेदी सहित डिपो के सभी संविदा आदि रहे।