मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के मद्देनजर किसुनदासपुर में अधिकारियों की बैठक लेते डीएम एन?
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के हवाई सर्वेक्षण व समीक्षा बैठक के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जिले में आगमन है। सीएम की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। जिसके लिए पुलिस महकमे ने अपनी सारी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। जिले में सीएम का आधे घंटे का कार्यक्रम है। जिसकी तैयारी में पुलिस व प्रशासनिक अमला जुटा रहा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर से 12.45 बजे किशनुदासपुर स्थित यूपीडा के प्रोजेक्ट आफिस के पास बनाए गए हेलीपैड पर उतरेंगे। इस दौरान वे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के कार्यों का हवाई सर्वेक्षण करने के साथ ही यूपीडा प्रोजेक्ट ऑफिस में अधिकारियों के साथ इसकी समीक्षा भी करेंगे। इसके बाद वे वाराणसी के लिए रवाना हो जाएंगे। एसपी सिटी पंकज पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तीन एडिशनल एपी, आठ क्षेत्राधिकारी, 125 इंस्पेक्टर व सब इंस्पेक्टर के साथ ही 500 कांस्टेबल लगाए गए हैं। इसके अलावा दो कंपनी पीएसी भी सीएम की सुरक्षा में लगाई गई है। जिले के अलावा आसपास के जनपदों से भी फोर्स बुलाई गई है। रविवार को दिन भर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी सीएम के कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने व तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।