आजमगढ़। कृषि विधेयकों के विरोध में किसानों द्वारा रेल रोको आंदोलन चल रहा है। जयनगर से अमृतसर को जाने वाली क्लोन ट्रेन रविवार को रद हो गई। हालांकि इसका स्टॉपेज आजमगढ़ रेलवे स्टेशन नहीं है। वहीं सरयु-यमुना स्पेशल ट्रेन अमृतसर से पहले अंबाला स्टेशन पर ही रोक दी जा रही है।
कृषि बिल के विरोध में किसान सड़कों पर उतर आए। अन्य पार्टियों का समर्थन भी मिला है। किसान रेलवे ट्रेक पर तंबू गाड़कर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। अमृतसर को जाने वाली सभी ट्रेनें रोक दी गई हैं। जयनगर से अमृतसर को जाने वाली क्लोन ट्रेन 04651 अप भी 27 सितंबर को रद्द रही। क्लोन ट्रेन का स्टॉपेज आजमगढ़ स्टेशन न होकर छपरा व शाहगंज ही है। वहीं उधर से आने वाली क्लोन ट्रेन 04652 डाउन को अमृतसर के बजाय उसे पुरानी दिल्ली से चलाई गई। यही हाल सरयु-यमुना एक्सप्रेस अप व डाउन का रहा। सरयु-यमुना एक्सप्रेस 04649 अप जो जयनगर से आजमगढ़ होते हुए अमृतसर को जाती है, उसे अमृतसर से 14 स्टेशन पहले अंबाला में ही रोक दिया गया। वहीं सरयु-यमुना एक्सप्रेस 04650 डाउन जो अमृतसर से आजमगढ़ होकर जयनगर को जाती है, उसे अंबाला स्टेशन से ही चलाया गया। ट्रेनों के रुक जाने से आम जनता का भी अवागमन ठप हो गया है। आम जनता पूरी तरह परेशान है।
क्लोन ट्रेन का मात्र 11 स्टॉपेज
जयनगर से अमृतसर को जाने वाली यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे क्लोन ट्रेन चला रही है। जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। हालांकि जयनगर से अमृतसर के बीच इस ट्रेन का मात्र 11 स्टेशनों पर स्टॉपेज बनाया गया है। जयनगर से यह ट्रेन दरभंगा जंक्शन, समस्तीपुर जक्शन, मुजफ्फरपुर जक्शन, छपरा, शाहगंज जक्शन, लखनऊ, मुरादाबाद, पुरानी दिल्ली, अंबाला व अमृतसर जक्शन है। आजमगढ़ स्टेशन पर स्टॉपेज न होने से यात्रियों को इसका लाभ नहीं मिल पाता है। उन्हें इस ट्रेन पर सफर करने के लिए शाहगंज या फिर छपरा से गाड़ी पकड़नी पड़ती है।