सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को खेलों में आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा निखारने के दावे तो किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इनसे बिल्कुल अलग है। बेसिक शिक्षा विभाग के करीब 50 फीसदी विद्यालयों में खेल मैदान ही नहीं हैं।
जिन विद्यालयों में मैदान उपलब्ध हैं, वहां भी पर्याप्त जगह का अभाव है। वहीं, खेलों का अभ्यास कराने के लिए शारीरिक शिक्षा शिक्षक के पद तक नहीं हैं। जिले में कुल 2706 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं।
इनमें 1724 प्राथमिक, 458 उच्च प्राथमिक और 524 कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं। इन विद्यालयों में करीब ढाई लाख बच्चे पंजीकृत हैं। बेसिक शिक्षा विभाग के जेई अनिल कुमार सिंह ने बताया कि 50 फीसदी विद्यालयों में क्रिकेट, फुटबॉल और आउटडोर खेल के लिए मैदान नहीं हैं।
बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिभाएं सामने लाने के लिए सरकार की ओर से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।
करीब आधे विद्यालयों में खेल मैदान नहीं होने से बच्चे क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य आउटडोर खेलों का अभ्यास नहीं कर पाते हैं। कुछ विद्यालयों में थोड़ी जगह उपलब्ध है, जहां केवल सीमित गतिविधियां ही संभव हैं। कई जगह खेल सामग्री का भी अभाव है।
ऐसे में बच्चों को खेलकूद के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या यह है कि खेलों का नियमित अभ्यास कराने के लिए शारीरिक शिक्षा शिक्षकों की व्यवस्था नहीं है। मैदान, खेल सामग्री और प्रशिक्षक के अभाव में ग्रामीण बच्चों की खेल प्रतिभा शुरुआती स्तर पर ही सीमित रह जा रही है।
0000
केस-1
तीन विद्यालयों में मैदान नहीं, खेल शिक्षक भी नदारद
अतरौलिया। परिषदीय विद्यालयों में खेल प्रतिभाओं को निखारने के दावे जमीनी हकीकत से दूर हैं। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय अचलीपुर में 68, जूनियर हाईस्कूल गनपतपुर में 72 और प्राथमिक विद्यालय गोरहरपुर में 62 बच्चे पंजीकृत हैं, लेकिन तीनों विद्यालयों में खेल मैदान और खेल शिक्षक की व्यवस्था नहीं है। जूनियर हाईस्कूल गनपतपुर की प्रधानाध्यापिका सुमन वर्मा ने बताया कि विद्यालय के नाम 34 बिस्सा नौ कड़ी जमीन दर्ज है, लेकिन उस पर अतिक्रमण होने से बच्चे खेल नहीं पाते।
00
केस-2
309 बच्चे, खेल सामग्री है लेकिन मैदान नहीं
अहरौला। ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर स्थित कंपोजिट विद्यालय में 309 बच्चे पंजीकृत हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार यादव ने बताया कि यहां खेल सामग्री और अनुदेशक की व्यवस्था तो है, लेकिन बच्चों के खेलने के लिए मैदान नहीं है। परिसर में इतनी जगह भी नहीं है कि सभी बच्चे खेल गतिविधियां कर सकें। बीआरसी से करीब सौ मीटर दूर स्थित दूसरे कंपोजिट विद्यालय में भी खेल मैदान की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में खेल सामग्री और अनुदेशक होने के बावजूद बच्चों को अभ्यास का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहा है।
00
केस-3
खेल किट नदारद, परिसर में जलभराव
तहबरपुर। सरदहा स्थित कंपोजिट विद्यालय में बुधवार को पड़ताल के दौरान खेल सुविधाओं का अभाव मिला। विद्यालय में 152 विद्यार्थी पंजीकृत हैं, लेकिन उनके लिए खेल सामग्री और खेल किट उपलब्ध नहीं है। परिसर में साफ-सफाई की भी कमी है। हल्की बारिश होने पर जलभराव हो जाता है और पानी सूखने के बाद जगह-जगह काई जम जाती है। सबमर्सिबल पंप की मोटर समय से बंद नहीं होने पर भी पानी परिसर में फैलता है। इससे बच्चों के फिसलकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है और खेलकूद गतिविधियां प्रभावित होती हैं।
00
केस-4
तीन साल पहले मिली थी खेल किट, मैदान की अब भी कमी
लाटघाट। शिक्षा क्षेत्र हरैया के प्राथमिक विद्यालय रोहुवार में बच्चों के खेलने के लिए अलग मैदान नहीं है। विद्यालय के 67 बच्चे परिसर में ही खेलते हैं। प्रभारी प्रधानाध्यापक आशीष कुमार ने बताया कि तीन साल पहले खेल किट मिली थी। इस वर्ष भी खेल किट मिलने की उम्मीद है। इसी तरह प्राथमिक विद्यालय बघरवा में 50 बच्चे पंजीकृत हैं और चार अध्यापक तैनात हैं। यहां भी बच्चों के खेलने के लिए अलग मैदान नहीं है। विद्यालय परिसर में ही खेलकूद की व्यवस्था की जाती है। दोनों विद्यालयों में खेल गतिविधियों के नियमित प्रशिक्षण के लिए अलग खेल शिक्षक की तैनाती भी नहीं है।
00
केस-5
मैदान नहीं, बाउंड्रीवॉल अधूरी, बच्चों की सुरक्षा पर भी संकट
बरदह। प्राथमिक विद्यालय छतरपुर में 126 बच्चे पंजीकृत हैं, लेकिन खेल मैदान और बाउंड्रीवॉल नहीं है। प्रधानाध्यापिका कुमारी देवी के अनुसार, परिसर में चोरी और तोड़फोड़ की घटनाएं होती रहती हैं। सामने से गुजरने वाली नहर की पुलिया टूटी है और बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए खुदाई कराकर छोड़ दी गई है। परिसर में सांप-बिच्छू भी निकलते हैं। वहीं, प्राथमिक विद्यालय अहिरौली में 50 बच्चे पंजीकृत हैं। यहां बाउंड्रीवॉल बनी है, लेकिन गेट नहीं लगा है। प्रधानाध्यापिका सीमा सिंह के मुताबिक, खेल मैदान और शिक्षक के अभाव में बच्चों को पर्याप्त खेल अवसर नहीं मिल पाते।
00
बोले ग्रामीण-
गांव के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों में खेल के प्रति काफी रुचि है, लेकिन उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का पर्याप्त मौका नहीं मिल पाता। विद्यालयों में न तो खेल के लिए पर्याप्त जगह है और न ही नियमित अभ्यास कराने की व्यवस्था। सरकार को स्कूलों में खेल मैदान और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी खेलों में आगे बढ़ सकें। -शिवकुमार, भरसानी।
00
प्राथमिक विद्यालयों में खेल मैदान और खेल शिक्षक की कमी से बच्चों की प्रतिभा प्रभावित हो रही है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी हैं। विद्यालयों में सुरक्षित मैदान, खेल सामग्री और प्रशिक्षक की व्यवस्था होनी चाहिए। बाउंड्रीवॉल और गेट भी जरूरी हैं, ताकि बच्चे सुरक्षित माहौल में खेल सकें। -अजय सिंह, छतरपुर।
00 वर्जन
विद्यालयों को उपलब्ध बजट के अनुसार खेल सामग्री और खेल किट उपलब्ध कराई जाती है। जहां खेल मैदान के लिए जगह की कमी या अतिक्रमण की समस्या है, वहां संबंधित प्रधानाध्यापक और खंड शिक्षा अधिकारियों से जानकारी लेकर समाधान का प्रयास किया जाएगा। विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए भी निर्देश दिए जाएंगे। -राजीव कुमार पाठक, बीएसए आजमगढ़।
जूनियर हाई स्कूल गनपतपुर में खेलकूद मैदान का अभाव। संवाद- फोटो : Samvad