गांधी इंटर काॅलेज गेट के बाहर चक्काजाम करते छात्र।
- फोटो : azamgarh
छात्रों की लेट-लतीफी पर लगाम लगाने के लिए गांधी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने विद्यालय गेट पर मंगलवार को ताला लगा दिया। गेट बंद मिलने पर हंगामा करते हुए छात्रों ने चक्काजाम कर दिया। बाद में कॉलेज के प्रबंधक और प्रधानाचार्य ने छात्रों को समझाकर चक्काजाम खुलवाया। गांधी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य टिल्ठू राम यादव छात्रों के देर से विद्यालय आने से काफी परेशान थे। उन्होंने कई बार छात्रों को समय से विद्यालय आने की हिदायत भी दी। लेकिन छात्र नहीं सुधरे। फिर क्या था उन्होंने मंगलवार की सुबह साढ़े आठ बजे उन्होनें विद्यालय गेट में ताला बंद करवा दिया। देर से आए छात्र गेट पर ताला बंद देख नाराज हो गए और विद्यालय गेट के सामने जीयनपुर-बिलरियागंज मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही प्रबंधक कमला राय और प्रधानाचार्य टिल्ठू राम यादव वहां पहुंचे।
उन्होंने छात्रों को समझाकर मामले को शांत कराया और हिदायत दी कि सभी लोग समय से विद्यालय आएं। इसके बाद उन्होंने गेट का ताला खुलवाया। वहीं छात्रों का आरोप था कि अध्यापक खुद समय से विद्यालय नहीं आते हैं फिर सिर्फ छात्रों के लिए ही गेट बंद क्यों किया गया। वहीं गेट बंद होने के बाद विद्यालय पहुंचे शिक्षक अंदर नहीं जा सके और बाहर ही घूमते रहे। प्रबंधक कमला राय ने देर से विद्यालय पहुंचने वाले शिक्षकों को समय से आने की हिदायत दी।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर बाजार में सोमवार की रात नौ बजे बीच सड़क पर खड़ी बोलेरो पुलिस द्वारा थाने लेकर चले जाने से नाराज लोगों ने बाजार में चक्का जाम कर दिया। तिराहे पर जाम लगने से आजमगढ़-वाराणसी और जौनपुर मार्ग पर यातायात ठप हो गया। दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गई। मशक्कत के बाद करीब पौन घंटे बार पुलिस ने जाम खुलवाया।
सोमवार की रात नौ बजे बाजार के आसपास का रहने वाला एक व्यक्ति बिंद्राबाजार की तरफ जा रहा था। वह अपनी बीच सड़क पर ही खड़ी कर पान खाने चला गया। सड़क पर बोलेरो खड़ी होने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसीबीच उधर से गुजर रहे एसओ गंभीरपुर तेजबहादुर सिंह की नजर बोलेरो पर पड़ी। पुलिस गाड़ी को खिंचकर थाने लेकर चली गई। पुलिस के इस कार्रवाई से नाराज लोग सड़क पर उतर आए और तिराहे पर जाम लगा दिया।इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम में कई पार्टियों के नेता और अधिकारी भी फंस गए। सूचना पर सीओ सदर केके सरोज पीएसी बल के साथ मौके पर पहुंचे और 45 मिनट बाद जाम को समाप्त कराया। लेकिन इसके बाद भी यातायात बहाल होने में घंटों लग गए। जिसके चलते लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मालूम हो कि आजमगढ़-वाराणसी मुख्य मार्ग पर स्थित मुहम्मदपुर बाजार से ही जौनपुर की ओर जाने के लिए प्रमुख मार्ग निकला है। यहां सड़क पर बीच-बीच में गड्ढा और जगह कम होने की वजह से अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न रहती है। ऐसे में तिराहे पर वाराणसी और जौनपुर की तरफ जाने वाले प्राइवेट वाहन अक्सर सड़क के किनारे वाहन खड़ा कर सवारी बैठाते हैं। जिससे जाम की स्थिति बनी रहती है। लेकिन पुलिस सबकुछ जानते हुए भी कार्रवाई नहीं करती। लोगों का कहना था कि यदि स्थिति यही रही तो वह एकजुट होकर एसपी से मुुलाकात कर समस्या बताएंगे।