अमिलो। ग्रामीणों की शिकायत पर शुक्रवार को शाहगढ़ स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का प्रभारी चिकित्साधिकारी सठियांव डॉ. अच्युतानंद राय ने औचक निरीक्षण किया। सुबह 10:45 बजे केंद्र में ताला बंद मिला। वहां नियुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) चांदनी मौर्या बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिलीं। निरीक्षण में लापरवाही पर प्रभारी चिकित्साधिकारी ने सीएचओ का एक दिन का मानदेय रोकने के साथ स्पष्टीकरण मांगा।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित किए जा रहे हैं। केंद्र के संचालन का समय प्रतिदिन सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित है। बावजूद इसके, कार्य दिवस पर केंद्र बंद मिलने से स्थानीय जनता को काफी दिक्कत हो रही थी। उनकी शिकायत पर यह निरीक्षण किया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी सठियांव ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी से जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।