आजमगढ़। जिले के सरकारी स्कूलों में अब गणित किट के सहारे बच्चे पढ़ाई करेंगे। जिले के हर प्राथमिक विद्यालय को एक गणित किट दी जाएगी। इससे शिक्षक मुख्य रूप से कक्षा 1 और 2 के बच्चों को जोड़-घटाना, गुणा-भाग आदि सिखाएंगे। शासन की ओर से 1475 गणित किट आ गई है। बहुत जल्द ही स्कूलों को वितरित भी की जाएगी।
बेसिक स्कूलों में शिक्षा का स्तर उठाने के लिए शासन द्वारा एक के बाद एक नई पहल शुरू हो रही है। इस बार शासन और अफसरों का बेसिक स्कूलों के कक्षा 1 व 2 के छात्रों की गणित शिक्षा को बेहतर बनाने पर फोकस किया जा रहा है। अब बेसिक शिक्षा विभाग गणित किट के माध्यम से बच्चों में गणित के प्रति रुचि पैदा करने जा रहा है। गणित किट में ऐसे छोटे छोटे उपकरण होंगे, जिससे बच्चे खेल-खेल में ही जोड़-घटाना और गुणा-भाग सीख जाएंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी अम्बरीष कुमार ने बताया कि विभाग को कुल 1475 गणित किट मिल गई है। बहुत जल्द ही विद्यालयों में पहुंचा भी दिया जाएगा। स्कूल खुलने के बाद बच्चों को भी पढ़ाया जाएगा।