आजमगढ़। कोरोना के कारण तकरीबन सवा साल से बंद चल रहे स्कूलों के खुलने पर बच्चे जमीन के बजाय कुर्सी-मेज पर बैठ कर पढ़ाई करेंगे। जिले भर के करीब 484 उच्च प्राथमिक स्कूलों में फर्नीचर के इंतजाम किए जाएंगे। जेम पोर्टल पर टेंडर के माध्यम से डेस्क बेंच की खरीद के आदेश शासन ने दिए हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग में पिछले कुछ समय से तेजी से कायाकल्प हो रहा है। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 2705 परिषदीय विद्यालयों में 14 बिंदुओं पर तेजी से काम चल रहा है। करीब 70 फीसदी से अधिक कार्य पूरा भी हो चुका है। मिशन प्रेरणा के तहत शैक्षिक गुणवत्ता बेहतर करने के भी प्रयास तेजी से चल रहे हैं, मगर अधिकांश परिषदीय स्कूलों के बच्चों को फर्श पर ही बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। अब शासन ने 484 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में डेस्क व बेंच की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। ताकि बच्चे अच्छे से बैठकर शिक्षा ग्रहण कर सकें। शासन ने जेम पोर्टल से फर्नीचर खरीदने का निर्देश जारी किया है। जेम पोर्टल से फर्नीचर खरीद के बाद संबंधित फर्म को भुगतान के लिए डीएम की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी।
शासन के निर्देशानुसार जनपद के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में फर्नीचर की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। दो फर्मों का टेंडर हुआ है। शासन द्वारा गठित कमेटी की देखरेख में जेम पोर्टल से फर्नीचर खरीदा जाएगा।
अंबरीष कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, आजमगढ़।