लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के कांखभार बाजार स्थित एक टेंट हाउस में रखे गद्दे के ढेर से शनिवार की सुबह बालक का शव मिला। बालक का शव मिलते ही हड़कंप मच गया। टेंट हाऊस संचालक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कांखभार गांव निवासी हरिवंश भारती टेंट हाउस चलाता है। शनिवार को सुबह 11 बजे उसने टेंट हाऊस खोला और किसी के लगन में भेजने के लिए रजाई व गद्दा निकालने लगा। इसी दौरान गद्दे में लिपटा हुआ 9 वर्षीय मो. आमिर पुत्र मो. राशिद का शव मिला। शव देखते ही टेंट हाउस संचालक हरिवंश ने आनन-फानन में सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बालक के पिता मो. राशिद मूलरूप से गोरखपुर जिले के बड़हलगंज के निवासी है। विगत 10 साल से वह अपने पुत्र व पुत्री के साथ कांखभार स्थित किसान सहायक सरकारी आवास में रहकर सिलाई करता था। राशिद की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी थी। मृत बालक आमिर भी चाट-फुलकी की दुकान पर काम करता था और कभी-कभार उसका टेंट हाऊस पर भी आना-जाना था। किन परिस्थितियों में बालक टेंट हाऊस पर पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई यह स्पष्ट नहीं हो सका है। वहीं पिता की तरफ से देर शाम तक कोई तहरीर भी नहीं दी गई थी। सीओ अजय यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। फिलहाल शव पीएम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।