अहरौला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला पर बुधवार से टेलीमेडिसिन की सुविधा शुरू हो गई। मरीजों को अब यहीं पर पीजीआई व एम्स के डॉक्टरों की सलाह मिल सकेगी। टेलीमेडिसिन सुविधा की शुरूआत एसओ अहरौला मदन पटेल व सीएचसी प्रभारी ने संयुक्त रुप से फीता काट कर किया।
टेलीमेडिसिन सुविधा की शुरूआत होने से अब सीएचसी पर आने वाले मरीज वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से पीजीआई व एम्स के डॉक्टरों से ऑनलाइन इलाज करा सकेंगे। डॉक्टर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मरीज का हाल लेंगे। जांच रिपोर्ट ऑनलाइन उन्हें उपलब्ध कराई जाएगी और फिर डॉक्टर जांच रिपोर्ट के अनुरूप मरीज को आवश्यक सलाह देते हुए इलाज शुरू करायेगा। टेलीमेडिसिन योजना के जिला समन्वयक दिग्विजय नाथ पांडेय ने बताया कि इस सुविधा के माध्यम से अस्पताल पर आने वाले सभी मरीजों को उनके बीमारी के अनुरूप इजाज की सुविधा उपलब्ध होगी। इस सुविधा के न होने से मरीज को हायर सेंटर जा कर इलाज कराना पड़ता था। उन्होंने बताया कि अब सीएचसी पर इस सुविधा के तहत इलाज के पूर्व ईसीजी, शुगर आदि जांच भी नि:शुल्क होगी। इस सुविधा के तहत केडीएमसी मथुरा के 13 विशेषज्ञ डॉक्टर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मरीज की समस्या को जान कर उनका इलाज करेंगे। टेलीमेडिसिन योजना की शुरूआत के दौरान प्रसिद्घि नरायन, डॉ. अरविंद मिश्रा, रामसागर, रामनयन, अतुल तिवारी, डॉ. सुनीता पांडेय, सरिता बिंद आदि मौजूद रहे।