सठियांव। दि किसान सहकारी चीनी मिल सठियांव में मंगलवार से तीन दिवसीय किसान मेले का आयोजन किया जा रहा है। लेकिन इस आयोजन को लेकर आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। संचालकों और किसानों ने गन्ना विभाग पर समय से सूचना न देने का आरोप लगाया है। हालांकि प्रबंध तंत्र दावा कर रहा है कि सभी किसानों को सूचित कर दिया गया है।
चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू होने वाला है और अभी से गन्ना विभाग पर लापरवाही के आरोप लगने लगे हैं। किसानों का प्रतिनिधित्व करने वाले डायरेक्टर आनंद कुमार उपाध्याय ने कहा कि विभाग के पास प्रचार प्रसार व विकास के लिए अलग से मद मिलता है जो बैलेंस शीट में दर्शाया भी गया है। लेकिन कहां खर्च हुआ मालूम नहीं। सुराई क्षेत्र के डायरेक्टर रामअवध यादव का कहना है कि जब संचालकों को सूचना नहीं दी गई तो किसान की क्या कहें। बाकायदा लाउडस्पीकर से क्षेत्र में प्रचार होना चाहिए था। गन्ना सुपरवाइजर को बताना चाहिए कि यहां गांव में पर्यवेक्षक आता ही नहीं है। किसान सुराजी देवी, श्रीकांत यादव, गुरु प्रसाद, हरिहर, राम लखन कारुपार, बेचू चिकनपुरवा ने बताया कि उनको मेले की जानकारी नहीं है। गन्ना पर्यवेक्षक ने सूचना नहीं दी। बता दें कि मेले में सट्टा पर्ची का अवलोकन और त्रुटि में सुधार होता है। जिस पर पूरे सीजन भर गन्ना सप्लाई होती है। वहीं इस संबंध में मिल के सचिव प्रताप नारायण ने कहा कि सबको जानकारी दे दी गई है।