सामाजिक न्याय एवं बाल भवन केंद्र हरबंशपुर में बृहस्पतिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री चंद्रजीत यादव की जयंती मनाई गई। लोगों ने सर्वप्रथम उनके चित्र पर माल्यार्पण किया।
प्रो. नागेंद्र नाथ यादव ने कहा कि चंद्रजीत यादव अनुकरणीय ही नहीं अतुलनीय राजनेता के रूप में अपने आप को स्थापित करने में हमेशा सफल रहे। भारत में जहां भी सामाजिक अन्याय हुआ, किसी भी क्षेत्र में असमानताएं हुई तो उसके खिलाफ वहां वह हमेशा खड़े दिखाई दिए। चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि चंद्रजीत यादव न केवल सत्ता की राजनीति के गंभीर आलोचक और प्रशंसक थे बल्कि, मजदूर, किसानों, महिलाओं, दलित, पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग के हित में काम करने के लिए लोगों को उकसाते और प्रेरित करते रहते थे। रामजनम यादव ने कहा कि समाजवाद उनके नस - नस में भरा पड़ा था। इस रास्ते में आने वाले किसी भी तरह के व्यवधान से समझौता नहीं किया। पहली बार पार्लियामेंट के अंदर 1967 में उन्होंने देश के अंदर विषमताओं के सवालों पर अपनी ही पार्टी की सरकार को भी घेरा था। अध्यक्षता रामकुमार यादव और संचालन अरविंद कुमार भारती ने किया। इस मौके पर डॉ. जहूर आलम, राम अवध यादव, राम गणेश प्रजापति, मुन्नू यादव, विजय यादव, रामदरश, आनंद उपाध्याय, मुख्तार अहमद आदि मौजूद थे।