माध्यमिक शिक्षा परिषद उप्र इलाहाबाद द्वारा संचालित यूपी बोर्ड परीक्षा को शुरू होने में मात्र कुछ दिन का समय शेष बचा है। इस परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
मंगलवार को विद्यालयों में कैमरों की जांच के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देश पर 90 लोगों की टीम जांच करने के लिए परीक्षा केंद्रों पर पहुंची।
यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराना जिला प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। शासन ने परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के हर कमरों में सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिया गया था।
इसके लिए कई बार बैठक कर परीक्षा केंद्र बनाए गए प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया। लेकिन बहुत से विद्यालय ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक सभी कमरों में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगवाया है।
परीक्षा केंद्रों पर कैमरों की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक डा. वीके शर्मा ने 90 लोगों की टीम बनाकर जांच करने के लिए भेजा। देर शाम तक जांच की रिपोर्ट नहीं मिली थी।
लेकिन इस जांच रिपोर्ट के मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में 18 जनवरी को जेडी की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन भी किया गया है। परीक्षा केंद्र बनाए गए विद्यालयों की कैमरे लगाने में बरती जा रही उदासीनता ने जिला प्रशासन की नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने की मंशा की चुनौती को बढ़ा दिया है।
परीक्षा में शामिल होंगे 262728 छात्र
आजमगढ़। इस बार यूपी बोर्ड की परीक्षा में जनपद में कुल दो लाख 62 हजार 728 छात्र पंजीकृत हैं। जिसमें हाईस्कूल के एक लाख 49 हजार 166 और इंटर मीडिएट के एक लाख 13 हजार 562 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
अगर पिछले वर्ष के छात्रों की संख्या देखें तो इस बार परीक्षा देने वाले छात्रों की संख्या ज्यादा है। जिसमें हाईस्कूल के 21 हजार 532 और इंटरमीडिएट के 16826 छात्र शामिल हैं। इन छात्रों के लिए जिले में कुल 314 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
इस मद से लगवाने हैं सीसीटीवी कैमरे
आजमगढ़। शासन ने यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए विद्यालयों में कैमरे लगाने का निर्देश जारी कर दिया लेकिन उसने इसके लिए कोई फंड दिया। शासन ने निर्देश दिया कि सरकारी विद्यालय ब्वायज फंड से, ऐडेड विद्यालय विकास निधि से और वित्तविहीन विद्यालय जिन्हें परीक्षा केंद्र बनाया गया है वह अपने स्तर से परीक्षा केंद्र के हर कमरे में कैमरे लगवाएंगे।
पूर्व में आयोजित बैठकों में प्रधानाचार्यों को कोर्स पूरा करने और परीक्षा केंद्र के सभी कमरों में कैमरे लगवाने का निर्देश दिया गया था। लगभग सभी विद्यालयों में कैमरे तो लग गए हैं लेकिन अभी कई विद्यालयों के कमरों में कैमरे नहीं लगे हैं। इसकी जांच के लिए आज 90 लोगों की टीम भेजी गई है। टीम की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - डा. वीके शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक।