आजमगढ़। मुबारकपुर थाने की पुलिस ने पशु चोरी कर उनका वध करने और मांस बेचने के वांछित आरोपी को मंगलवार को इस्लामपुरा से फर्जी पहचान पत्रों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए अपनी पहचान छुपाकर वर्षों से कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रहा था।
थाना प्रभारी शशि मौली पांडेय ने बताया कि 17 दिसंबर 2025 को चेकिंग के दौरान चोरी की भैंस, हथियार और वाहन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में निजामाबाद थाना क्षेत्र के सरायभाऊ गांव निवासी आमिर खान वांछित था।
बताया कि मंगलवार को पुलिस ने इस्लामपुरा बारह बीघा मैदान, शाहगढ़ रोड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुए, जिन पर अलग-अलग नाम व पते दर्ज थे। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पुलिस से बचने के लिए ससुर के नाम-पते पर फर्जी तरीके से दस्तावेज बनवाए थे।
आरोपी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में चोरी, पशु क्रूरता अधिनियम और कूटरचना की धाराएं बढ़ाई गई हैं। बताया कि अभियुक्त के खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।