स्वास्थ्य केंद्र हरैया में डाक्टर की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी।
- फोटो : AZAMGARH
एक तरफ चिकित्सक कोरोना महामारी के इस दौर में अपनी जान की परवाह किए बगैर लोगों की सेवा करने में जुटे हुए हैं। वहीं, दूसरी ओर से सीएचसी हरैया के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. देवानंद यादव के साथ ही भाजपा पदाधिकारियों ने गलत मेडिकल रिपोर्ट बनाने के लिए धक्का-मुक्की की। इस मामले में प्रभारी चिकित्साधिकारी की तहरीर पर रौनापार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। वहीं, चिकित्सक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उधर, भाजपाइयों ने भी चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
रौनापार के सीएचसी हरैया के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. देवानंद यादव शुक्रवार को स्वास्थ्य केंद्र परिसर में मरीजों की जांच कर रहे थे। तभी वहां पर रौनापार थाने से पीआरडी का जवान घायलों को लेकर पहुंचा। डा. देवानंद उसका मेडिकल करने लगे तभी वहां मौके पर शिवकुमार मौर्य मंडल अध्यक्ष भाजपा रौनापार, नैनीजोर गांव निवासी आशीष गुप्ता हिंदू महासभा जिला मंत्री, अंबुज गोड़ निवासी मऊ कुतुबपुर मंडल महामंत्री भाजपा हरैया अपने साथियों के साथ पहुंचे।
उन्होंने चिकित्सक से घायल व्यक्ति को बेहोशी की हालत में स्वास्थ्य केंद्र पर आने की रिपोर्ट तैयार करने को कहा। डा. देवानंद ने जब ऐसा करने से मना कर दिया तो उनके साथ भाजपा पदाधिकारियों ने धक्कामुक्की की और गाली गलौज की। सूचना पर थानाध्यक्ष रौनापार भी पहुंचे उनके सामने भी भाजपा पदाधिकारियों ने उन्हें गालियां दी। इसके बाद डा. देवानंद ने भाजपा के तीनों पदाधिकारियों के पर गालीगलौज, धक्का मुक्की करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की तहरीर दी। डा. देवानंद की मानें तो सीएमओ से वार्ता के बात मुकदमा दर्ज किया गया, लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है।
प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ ने शीघ्र आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, प्रभारी चिकित्साधिकारी की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य केंद्र पर दो कांस्टेबलों की तैनाती की गई है। उधर, हिंदू महासभा के जिलामंत्री आशीष गुप्ता ने बताया कि डा. देवानंद यादव ने द्वेष और राजनीति के चक्कर में केस दर्ज कराया है। हम वहां पर थे ही नहीं। उनका एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें मेडिकल के लिए पैसे मांग रहे हैं। भाजपा पदाधिकारियों पर मुकदमा दर्ज होने से भाजपा नेताओं में रोष व्याप्त है।