आजमगढ़। राजकीय बालिका इंटर कालेज नोएडा में तैनात रसायन विज्ञान प्रवक्ता रिंकी सिंह के दस्तावेज पर जिले में परिषदीय विद्यालय में तैनात फर्जी शिक्षिका रिंकी सिंह पर शनिवार को मुकदमा दर्ज हो गया। बीएसए के निर्देश पर खंड शिक्षाधिकारी शैलेंद्र कुमार त्रिपाठी ने अतरौलिया थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया।
जीजीआईसी नोएडा की रसायन विज्ञान प्रवक्ता रिंकी सिंह जब अपना आईटीआर भर रही थीं तो उनके पैनकार्ड पर कहीं और से भी वेतन उठाए जाने का मामला सामने आया। इसके बाद रिंकी सिंह ने पता लगाना शुरू किया तो मालूम हुआ कि आजमगढ़ के बेसिक शिक्षा विभाग की सहायक अध्यापिका रिंकी सिंह उसके पैनकार्ड का इस्तेमाल कर रही है। उसने शिकायत तत्कालीन बेसिक शिक्षाधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय से की। उन्होंने जांच बैठा दी। जांच में सामने आया कि उक्त शिक्षिका अतरौलिया ब्लाक स्थित परिषदीय विद्यालय पर तैनात है। इस बीच जांच की जानकारी शिक्षिका को भी हो गई और वह विद्यालय छोड़ कर फरार हो गई। विभाग द्वारा बार-बार नोटिस दिए जाने के बाद भी शिक्षिका ने अपना स्पष्टीकरण नहीं दिया। सर्विस बुक में जो स्थायी पता दिया गया था, उस पर जानकारी करने पर वह पता गलत निकला। इसके बाद दस्तावेजों की जांच हुई तो वे नोएडा जीजीआईसी में तैनात शिक्षिका के निकले। हर तरह से फर्जी घोषित होने पर बेसिक शिक्षाधिकारी ने अतरौलिया में तैनात शिक्षिका को बर्खास्त कर दिया और रिकवरी व मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। खंड शिक्षाधिकारी अतरौलिया शैलेंद्र कुमार त्रिपाठी ने शनिवार को अतरौलिया थाने में शिक्षिका के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया।