आजमगढ़। जिले में 2232 वितरण ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता बढ़ाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। विभाग का दावा है कि इससे गर्मी के दिनों में ट्रांसफाॅर्मरों पर पड़ने वाले अतिरिक्त लोड में कमी आएगी और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। जिले में विभिन्न क्षमता के लगभग 40 हजार वितरण ट्रांसफाॅर्मर स्थापित हैं, जिनके माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की जाती है। अधीक्षण अभियंता घनश्याम ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ी है। नए घरेलू और व्यावसायिक कनेक्शनों के कारण कई स्थानों पर ट्रांसफाॅर्मरों पर निर्धारित क्षमता से अधिक लोड पड़ने लगा था। विशेष रूप से गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने पर ट्रांसफाॅर्मर ओवरलोड हो जाते थे, जिससे बार-बार फाल्ट और ट्रांसफाॅर्मर डैमेज होने की घटनाएं सामने आती थीं। इससे निपटने के लिए वितरण खंड शहर, लालगंज, सगड़ी, मुबारकपुर, फूलपुर, कप्तानगंज में निगम की तरफ से ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता वृद्धि की योजना तैयार की थी। इसके तहत छोटे क्षमता वाले ट्रांसफाॅर्मरों को हटाकर उनकी जगह अधिक क्षमता के ट्रांसफाॅर्मर लगाए गए। चिह्नित 2232 ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता वृद्धि का कार्य पूरा कर लिया गया है। इससे संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और ट्रांसफाॅर्मरों के फुंकने की घटनाओं में भी कमी आएगी। इसके अलावा बिजनेस प्लान में चिह्नित ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता वृद्धि का काम चल रहा है।
गर्मी में बिजली की मांग काफी बढ़ जाती है। ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता बढ़ने से उन पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव कम होगा। ट्रांसफाॅर्मर भी कम डैमेज होंगे। लोगों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। घनश्याम, अधीक्षण अभियंता।