अतिक्रमण के खिलाफ अभियान की जिले में शुरूआत हो गई है। बुधवार को नगर पालिका की टीम ने जिला अस्पताल क्षेत्र में सड़क की पटरियों पर हुए अतिक्रमण को हटवाया। नपा की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। इसके साथ ही शहर कोतवाली के आसपास से भी अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई की गई।
अमर उजाला ने बुधवार के अंक में शहर में अतिक्रमण से लग रहे जाम के झाम की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर प्रकाशित होते ही नपा प्रशासन हरकत में आ गया। ईओ नगर पालिका रवि कुमार के नेतृत्व में नपा की टीम ने बुधवार की सुबह हर्रा की चुंगी जिला अस्पताल के पास से अभियान की शुरूआत किया। सड़क की पटरियों पर हुए अवैध कब्जों व अतिक्रमण को हटवा दिया गया। इसके बाद शहर कोतवाली के आसपास के क्षेत्र से भी अतिक्रमण हटवाने की कवायद की गई। इस अभियान के शुरू होते ही सड़क की पटरियों पर अवैध कब्जा कर दुकान लगाने वालों में हड़कंप मच गया है। ईओ रवि कुमार ने बताया कि शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने व जाम के झाम से शहर के मुक्त कराने के लिए शुरू हुआ यह अभियान आगे भी चलता रहेगा। उन्होने अतिक्रमण करने वालो से अनुरोध किया कि वे स्वयं अपना अतिक्रमण हटा ले अन्यथा की स्थिति में नपा अतिक्रमण हटाएगी और संबंधितों पर जुर्माना भी लगाएगी।