एसडीएम सदर गौरव कुमार व सीओ सिटी राजेश तिवारी फोर्स के साथ सुबह 11 बजे शहर में कोरोना गाइडलाइन के अनुपालन कराने सड़क पर निकले थे। दोनों अधिकारी विभिन्न दुकानों पर पहुंच कर सभी को मास्क लगाने व सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करने की हिदायत दे रहे थे। रास्ते में भी यदि कोई बिना मास्क के मिल रहा था तो उसे भी रोक कर मास्क लगाने को कहा जा रहा था।
अधिकारी पुरानी कोतवाली सराफा मंडी पहुंचे। यहां सराफा कारोबारी आशीष गोयल की दुकान पर एसडीएम व सीओ ने कुछ ग्राहकों को बिना मास्क के देखा। जिस पर दोनों अधिकारी दुकान में घुस गए। इसी दौरान सराफा कारोबारी आशीष गोयल से उनकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
व्यापारियों का आरोप है कि एसडीएम व सीओ ने राइफल के कुंदे से हमला कर आशीष गोयल को घायल कर दिया और जबरन घसीटते हुए दुकान से निकाल कर शहर कोतवाली लेकर चले गए। अगल-बगल के व्यापारी विरोध करने सामने आए तो सीओ व एसडीएम ने उनके साथ भी बदसलूकी की। इस पर भड़के व्यापारी भी कोतवाली पहुंच गए और घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
एसपी सिटी पंकज पांडेय, एडीएम प्रशासन ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन व्यापारी एसडीएम व सीओ पर मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। बवाल बढ़ते देख एसपी व डीएम भी पहुंच गए। वहीं व्यापारियों के समर्थन में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी कोतवाली में डेरा डाल दिया। समझौते के प्रयास असफल होने पर चार बजे के लगभग व्यापारियों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इसी बीच किसी ने कोतवाली गेट को भी तोड़ दिया और एक सिपाही पर भी हमला किया गया। इसके बाद तो पुलिस बौखला गई और लाठीचार्ज कर रास्ता जाम किए लोगों को खदेड़ दिया।
व्यापारी को देर शाम हिरासत से छोड़ा
लगभग छह घंटे की पंचायत के बाद भी अधिकारी-व्यापारी विवाद का कोई हल नहीं निकल सका। अधिकारी सुलह समझौते का प्रयास कर रहे थे तो वहीं व्यापारी एसडीएम सदर व सीओ सिटी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े थे। तोड़फोड़ व लाठीचार्ज के बाद शहर कोतवाली पुलिस सराफा कारोबारी आशीष गोयल को लेकर जिला अस्पताल मेडिकल मुआयने के लिए गई। इसके बाद देर शाम उन्हें छोड़ दिया गया।
व्यापारी नहीं अराजकतत्वों ने हंगामा व तोड़फोड़ किया है। व्यापारी की तहरीर ले ली गई है। मेडिकल कराया जा रहा है। अराजकतत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों के साथ वार्ता सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई है, उनके बीच कुछ शरारती तत्व घुस गए थे, जिसके चलते ही हंगामा हुआ। - सुधीर कुमार सिंह, एसपी, आजमगढ़।
व्यापारियों की मुख्य मांग घायल व्यापारी के मेडिकल मुआयने की थी, जिसे करा दिया गया है। कोतवाली परिसर में जो अराजकता हुई है वह व्यापारियों ने नहीं की है बल्कि उनके बीच घुस आए अराजकतत्वों ने की है। ऐसे में उन अराजकतत्वों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। - राजेश कुमार, जिलाधिकारी, आजमगढ़।