जहानागंज थाना क्षेत्र के टेल्हुआ गांव के पास सोमवार की शाम अनियंत्रित बस की टक्कर से बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सदर अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे दवा लेने के लिए मऊ जिले के चिरैयाकोट बाजार जा रहे थे।
मुन्ना चौहान (45) पुत्र कुबेर और उसकी पत्नी विद्या (40) तरवां थाने के हसनपुर कंचनपुर गांव के निवासी थे। सोमवार की शाम अपराह्न तीन बजे के करीब मुन्ना अपनी पत्नी को डाक्टर को दिखाने के लिए घर से चिरैयाकोट बाजार जाने के लिए निकला। इस दौरान जैसे ही उसकी बाइक जहानागंज थाने के टेल्हुआ गांव के पास पहुंची, तभी पीछे आ रही बस ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मुन्ना चौहान और उसकी पत्नी विद्या को गंभीर चोटे आई।
स्थानीय लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल भेजवाया। मुन्ना तीन भाइयों में सबसे छोटा था। हादसे में मुन्ना और उसकी पत्नी की मौत की सूचना मिलने पर उसके घर कोहराम मच गया। उसके भाई और तीन बच्चे दहाड़े मारकर रोने लगे। मुन्ना जीविकोपार्जन के लिए सउदी में रहता था। छह माह पूर्व वह घर आया था। आगामी 25 मार्च को उसे वापस जाना था। मृत मुन्ना के तीन संतानों में सबसे बड़ा बेटा अमित (20), दूसरे नंबर पर पुत्री खुशबू (16) तथा सबसे छोटा अजीत (10) वर्ष का है।
उधर, सरायमीर थाना क्षेत्र के बस्ती बाजार के पास सोमवार की शाम साढे पांच बजे के करीब बाजार से घर लौट रहे अधेड़ की बाइक में सामने से आ रहे आटो ने ठोकर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार राजकरन यादव (45) पुत्र मठ्ठिू गंभीर रूप से घायल हुआ। परिवार के लोग घायल को उपचार के लिए सदर अस्पताल लाए। जहां डाक्टर ने राजकरन को मृत घोषित कर दिया। मृत अधेड़ बस्ती गांव का निवासी था।