अंबारी (आजमगढ़)। दीदारगंज थाना क्षेत्र के चरौवां गांव में एक व्यक्ति के घर में घुसे चोरों ने नकदी व लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी रविवार की सुबह हुई तो पीड़ित ने पुलिस को सूचना दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करने के साथ ही जांच पड़ताल में जुट गई है।
चरौवा गांव निवासी राम प्रताप यादव के घर में चोर छत पर चढ़ कर सीढ़ी से नीचे उतरे। राम प्रताप विदेश में रहता है और घर पर उसकी पत्नी रीता देवी बच्चों के साथ रहती है। चोरों ने घर में रखे बड़े बाक्स का ताला तोड़ कर उसमें रखे बैग, अटैची, कीमती कपड़े व बर्तन आदि उठा ले गए। बैग में 50 हजार रुपये नकद व लगभग सात लाख के जेवरात रखे थे। सुबह परिजन जब सो कर उठे तो घटना की जानकारी हुई। पीड़िता ने तत्काल सूचना पुलिस को दिया। सूचना प दीदारगंज थाना पुलिस गांव में पहुंची और मौका मुआयना कर जांच पड़ताल में जुट गई है। क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही है और पुलिस किसी भी चोरी की घटना का खुलासा नहीं कर पा रही है। जिसे देखते हुए हड़कंप मचा हुआ है।