बदमाशों ने रविवार शाम पौने सात बजे बाजार में सराफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। गुस्साए लोगों ने पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। एसडीएम लालगंज और अन्य अधिकारी लोगों को समझाने के प्रयास में जुटे थे। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और लोगों में नोकझोंक हो रही थी। पीएसी के जवानों को बुला लिया गया था।
प्रकाश सोनी (33) का मकान देवगांव कोतवाली भवन से सटा है। घर से थोड़ी दूर आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर प्रकाश की सराफा की दूकान है। रविवार की शाम प्रकाश अपनी दूकान पर बैठा था। तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाश पहुंचे। बताया जाता है कि बदमाशों ने दूकानदार को नमस्कार किया और बात करने के लिए उसे बुलाया। जैसे ही प्रकाश बाहर आया, बदमाशों ने तीन गोलियां चला दीं। गोली प्रकाश के सीने और पेट में लगी।
वह लहूलुहान होकर गिर गया। इसके बाद बदमाश कंजहित बाजार की तरफ भाग गए। वारदात से बाजार में अफरातफरी मच गई। लहूलुहान व्यापारी को सीएचसी लालगंज ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी देवगांव ओपी सिंह, सीओ लालगंज और अन्य अधिकारी पहुंच गए।
लेकिन गुस्साए लोगों ने पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। अधिकारी लोगों को समझाने में जुटे थे। मौके पर पीएसी के जवान बुला लिए गए थे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि अब तक की जांच में घटना का कारण पारिवारिक जमीन का विवाद सामने आया है। वैसे मामले की जांच की जा रही है। एसपी आकाश कुलहरि ने बताया कि मृतक के घरवालों ने उसके चचेरे भाई के खिलाफ तहरीर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई है।