लखनऊ-बलिया मुख्य मार्ग स्थित रेलवे स्टेशन रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान तीसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से बुलडोजर की मदद से सड़क किनारे बने कई आवासीय भवन और दुकान ध्वस्त कराए गए।
लगातार तीसरे दिन चली कार्रवाई से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई से पहले ही स्वयं अपना अतिक्रमण हटाकर सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया।
अभियान के दौरान एसडीएम अशोक कुमार और नायब तहसीलदार राजाराम के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर मौजूद रही। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीओ किरण पाल सिंह, कोतवाल देवेंद्र प्रताप सिंह सहित चार थानों की पुलिस तैनात रही।
पूरे अभियान के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा के बीच अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कराई।
पीडब्ल्यूडी ने पूर्व में 115 लोगों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया था।
निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद कब्जा नहीं हटाने पर विभाग ने बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की, जो तीसरे दिन शनिवार को भी जारी रही। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार मलबे में दबे अपने सामान को निकालने में जुटे रहे।
वहीं, कई लोगों ने पहले ही अपनी दुकानों और मकानों से चौकी, गैस सिलिंडर, चूल्हा, शटर, दवाइयां, बर्तन, दरवाजे, अलमारी, मेज-कुर्सियां, टायर, खराद मशीन, चाय की केतली तथा खाद्य सामग्री सहित अन्य जरूरी सामान सुरक्षित स्थान पर हटा लिए थे।
एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा 115 लोगों को नोटिस जारी किया गया था। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई विभाग की ओर से की जा रही है, जबकि प्रशासन की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की है।