गंभीरपुर के बरवां मोड़ के पास बुधवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने मोटरसाइकल से जा रहे दो सगे भाइयों पर गोली चला दी। एक भाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा बाल-बाल बच गया। सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। मौके पर जुटी भीड़ के चलते घंटे भर तक आजमगढ़-वाराणसी राजमार्ग जाम रहा। वारदात का कारण पता नहीं चल पाया है। न तो घर वाले कुछ बता पाने की स्थिति में हैं और न ही पुलिस।
गभीरपुर के उमरीकला गांव निवासी रवींद्र सिंह (52) और उनके बड़े भाई मान बहादुर सिंह एक ही बाइक से बिंद्रा बाजार स्थित पेट्रोल पंप पर जा रहे थे। जैसे ही दोनों बरवां मोड़ के पास पहुंचे, तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने उनपर गोली दाग दी। गोली लगते ही रवींद्र सिंह गिर गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बदमाशों की चलाई गई गोली से मान बहाद़ुर बाल-बाल बच गए। वारदात के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए आजमगढ़ की ओर भाग गए। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस और सीओ पहुंच गए।
घटनास्थल पर जुटी भीड़ के कारण आजमगढ़-वाराणसी राजमार्ग लगभग एक घंटे तक जाम रहा। एसपी सिटी विनोद कुमार का कहना है कि पुलिस छानबीन कर रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।