फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खानपुर बिलारमऊ स्थित पेट्रोल पंप पर करेंट लगने से एक युुवक की मौत हो गई। मौत पर आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर आजमगढ़-लखनऊ राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। तीन घंटे तक चला यह जाम सीओ फूलपुर और तहसीलदार के आश्वासन पर समाप्त हुआ।
खानपुर बिलामऊ स्थित पेट्रोल पंप पर तैनात कर्मचारी पारस यादव 35 पुत्र स्व. रामअवध कार्य करता था। जो खानपुर बिलारमऊ का निवासी था। गुरुवार की दोपहर को वह पेट्रोल पंप में लगे फर्राटा पंखे का तार जोड़ रहा था। तभी करेंट लगने से वह घायल हो गया।
लोग उसे उपचार के लिए शाहगंज ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहां वापस लौटकर परिजनों ने उसके शव को पेट्रोलपंप के सामने मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही सीओ फूलपुर एसके सिंह और तहसीलदार शिवसागर दुबे के साथ एसओ पवई मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग मुआवजा दिए जाने की मांग पर अड़े रहे।
लोगों ने पेट्रोल पंप मालिक को मौके पर बुलाने की मांग की। पेट्रोल पंप मालिक के बाहर होने पर उनके छोटे भाई महेंद्र जायसवाल मौके पर पहुंचे और परिजनों से बात किया। उन्होंने मृतक के तीनों बेटों को एक-एक लाख रूपये देने और किसान बीमा, पारिवारिक लाभ योजना, कर्मचारी बीमा का लाभ देने का आश्वासन दिया। तब जाकर आक्रोशित लोग शांत हुए और जाम को समाप्त किया। म़ृतक घर में कमाने वाला अकेला शख्स था।