Azamgarh News: जिले के करसड़ा गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान दोनों भाइयों में मारपीट हुई। इस दौरान बड़े भाई ने बांस से प्रहार कर छोटे भाई की जान ले ली।
आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के करसड़ा गांव में मंगलवार की शाम पारिवारिक विवाद के दौरान बड़े भाई के हमले में छोटे भाई की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
सीओ लालगंज भूपेश कुमार पांडेय ने बताया कि करसड़ा गांव निवासी जगदीश विश्वकर्मा (70) और उनके छोटे भाई ओमप्रकाश विश्वकर्मा (67) के बीच मंगलवार की शाम करीब सात बजे किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि इसी दौरान जगदीश ने बांस से ओमप्रकाश पर प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल ओमप्रकाश को परिजन तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी जगदीश विश्वकर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।