Azamgarh News: घर में सेंधमारी की सूचना पाकर मौके पर निजामाबाद पुलिस भी पहुंच गई। पीड़ित महिला अपनी बिटिया के साथ थी। उसका पति बाहर गया हुआ था। रात में खटपट की आवाज पर उसकी नींद टूटी लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि कमरे में चोर घुस आए हैं। सुबह इसकी जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
आजमगढ़ के निजामाबाद थाना क्षेत्र फरिहा चौकी क्षेत्र में चोरों के हौसले काफी बुलंद हैं। आए दिन उनके द्वारा कहीं न कहीं चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है। इसी क्रम में बीती रात चोरों ने एक घर में तीन जगह सेंधमारी की और आखिरकार कामयाब हुए और 40 हजार नगद सहित लगभग डेढ़ लाख रुपये के जेवर लेकर चंपत हो गए।
विज्ञापन
पुलिस चौकी फरिहा के फत्तनपुर गांव निवासी रविंद्र के घर को बीती रात चोरों ने निशाना बनाया। जिस समय चोरों ने घर को निशाना बनाया घर में केवल रविंद्र की पत्नी सुकाली अपने बच्चों के साथ अकेली थी। पति रविंद्र कहीं गया हुआ था।
हौसला बुलंद चोरों ने घर के पीछे से दीवार को तीन जगह तोड़ा। पहले जिस कमरे की दीवार को चेारों ने तोड़ा तो वहां भूसा रखा हुआ था। उसके बाद चोरों ने दूसरी जगह जब दीवार तोड़ी तो कमरे के अंदर ड्रम रखा हुआ था।
विज्ञापन
ड्रम में अनाज भरा हुआ था, चोरों ने उसे खिसकाने का प्रयास किया। जब ड्रम नहीं खिसका पाए तो चोरों ने तीसरी जगह दीवार को तोड़ा और उन्हें कामयाबी मिल गई। चोर अंदर घुसे और जमकर चोरी की और फरार हो गए।
पीड़िता ने बताया कि घर के अंदर घुसने के बाद चोरों ने एक मंगलसूत्र जिसकी कीमत करीब 60000 तथा कान के दो कनफूल जो कि वजन में मंगलसूत्र से दुगने थे, उनकी कीमत करीब 70000 रुपये होगी। एक जोड़ी पाजेब जिसकी कीमत करीब 15000 से 20000 रुपये रही होगी।
हम लोग कुछ दिन पहले 100000 रुपये लोन लिए थे। लोन को जमा करने के लिए रिश्तेदारों और दोस्तों से मांग कर 40000 रुपये इकट्ठा किए थे। उसे भी चोरों ने चुरा लिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और लौट गई। इस संबंध में सीओ सदर शुभम अग्रवाल ने कहा कि घटना की जानकारी है जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।