अहरौला। थाना क्षेत्र के मोलनापुर गांव में पेड़ काटने के विवाद को लेकर वर्तमान व पूर्व प्रधान के बीच कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में बात बढ़ गई। जिससे दोनों पक्षों की तरफ से ईंट पत्थर चलाने के साथ ही असलहे भी लहराए गए। पथराव में ईंट लगने से एक छह वर्षीय मासूम घायल हो गया।
मोलनापुर गांव में शीशम का पेड़ काटने को लेकर वर्तमान प्रधान अयूब खान व पूर्व प्रधान शाहिद के बीच विवाद हो गया। पेड़ पूर्व प्रधान के घर के दरवाजे पर था। शुक्रवार की सुबह प्रधान अयूब उक्त पेड़ को काटने के लिए परिजनों के साथ पहुंचे। जहां पूर्व प्रधान के परिजनों ने विरोध किया। जिससे विवाद हो गया। आरोप है कि वर्तमान प्रधान ने असलहा निकाल कर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद दोनों पक्षों में पथराव होने लगा। पथराव की इस घटना में ईंट लग जाने से पूर्व प्रधान परिवार का अब्दुल रहमान (6) घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं सूचना पर अहरौला पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल में जुट गई। वर्तमान प्रधान को पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया है।
000000000
पूर्व प्रधान पक्ष की तरफ से थाने पर चार के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। जिसके आधार पर पुलिस ने वर्तमान प्रधान को हिरासत में ले लिया है और घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।
यशवंत सिंह, प्रभारी एसओ, थाना अहरौला।