थाना क्षेत्र के बनकट गांव में रविवार की शाम गेहूं की मड़ाई के लिए ट्रैक्टर का इंतजार कर रहे किसान की खेत में ही सदमे से मौत हो गई। मौत की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। परिवारवालों ने बताया कि गेहू्ं की मड़ाई के लिए काफी देर से वह ट्रैक्टर का इंतजार कर रहे थे।
मृत किसान बरतू राम (55) अहरौला थाने के बनकट गांव का निवासी था। दो पुत्रों के पिता बरतू राम की पत्नी करीब 10 वर्ष पूर्व ही मर चुकी थी। उसका बड़ा बेटा श्यामप्रीत अपने परिवार के साथ दूसरी जगह रहता है। वह दूसरे बेटे गुलाब के साथ रह रहा था। करीब ढाई बीघा जमीन में बरतू गेहूं की खेती किया हुआ था। मौसम के बनते-बिगड़ते माहौल के बीच वह कड़ी मेहनत कर गेहूं की फसल काटकर बोझ बांध लिया था।
बारिश में सारे बोझ भीग जाने की वजह से उसे पुन: धूप निकलने पर सूखाकर मड़ाई के लिए खेत में इकट्ठा किया हुआ था। रविवार की दोपहर बरतू राम कड़े धूप की परवान किए बगैर खेत में जाकर ट्रैक्टर के आने का इंतजार करने लगा। करीब चार बजे उसे पता चला कि ट्रैक्टर खराब हो गया है।
इसकी वजह से नहीं आ पा रहा है। यह जानकारी होने पर बरतू खेत से उठा और कुछ दूर एक व्यक्ति के घर से मांगकर एक गिलास पानी पीया। इसके बाद वह फिर अपने खेत में चला आया। खेत में वापस लौटने पर उसे तेज पसीना हुआ और वह जमीन पर गिर गया। मौके पर उसकी मौत हो गई। समाचार लिखे जाने तक इस घटना की जानकारी न तो तहसील प्रशासन को हो सकी थी और न ही स्थानीय पुलिस को।