बूढ़नपुर। अतरौलिया थाना क्षेत्र के पुरखीपुर गांव निवासी एक व्यक्ति के बंद घर का ताला तोड़ कर अज्ञात चोरों ने नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित को घटना की जानकारी मंगलवार को तब हुई जब वह घर पर आया। उसने घटना के बाबत पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
पुरखीपुर गांव निवासी विपिन भारती बीते 14 सितंबर को घर पर ताला बंद कर अपने मामा के घर मां के साथ चला गया था। मंगलवार को विपिन घर आया और देखरेख कर फिर मामा के घर लौट गया था। बुधवार की सुबह विपिन के चाचा के पुत्र ने घर का ताला टूटा होने की सूचना दी। इस सूचना पर विपिन बुधवार की सुबह घर पहुंचा तो अंदर का हाल देख कर उसके होश ही उड़ गए। पीड़ित के अनुसार चोरों ने पूरा घर खंगाल डाला था। आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे आठ हजार रुपये नकदी व लगभग नौ लाख कीमत के जेवरात व अन्य कीमती सामान गायब थे।