मार्टीनगंज सोहौली लल्लूगंज बाजार स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा शुक्रवार को समय से न खुलने से बरदह-बूढनपुर मार्ग जाम करते ग्रामीण। यहां ग्रामीण कैश के लिए काफी दिनों से चक्कर लगा रहे हैं।
नोटबंदी के बाद से जनपद में कैश की कमी लगातार बनी हुई है। जिसका परिणाम है आक्रोशित लोग सड़कों पर उतरकर जाम लगा दे रहे हैं। वहीं लोगों द्वारा यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि शाखा प्रबंधक मनचाहे लोगों को पैसा दे रहे हैं और वह लोग लाइन में धक्का खा रहे हैं। हालांकि पुलिस समझाकर मामले को शांत करा ले रही है।
सठियांव संवाददाता के अनुसार यूनियन बैंक आफ इंडिया की शाखा नासिरुद्दीन पर शुक्रवार की सुबह से ही लोग पैसे मिलने की आस में लाइन लगाए हुए थे। कड़ाके की ठंड के बीच पहुंचे लोगों के सब्र का बांध उस समय टूृट गया जब बैंक खुलने के समय पहुंचे शाखा प्रबंधक ने अंदर जाने के बाद गेट में ताला बंद करवा दिया। उन्होंने लोगों से कहा कि कैश नहीं होने के कारण आज नहीं बंटेगा। लोग सड़क पर उतर गए और जाम लगा दिया।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी यशवंत कुमार ने लोगों को समझाकर कुछ देर बाद ही जाम को समाप्त करा दिया। इस दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि शाखा प्रबंधक चोरी से अपने लोगों का पेमेंट करते हैं। वहीं शाखा प्रबंधक शिवपूजन का कहना है कि हमारी मोबाइल पर गुरूवार को मुख्यालय से सूचना मिल गईं थीं कि आज कैश नहीं मिलेगा।
हमारी शाखा को तीन से चार लाख कैश मिलता है रोज छह सौ की लाइन लगती हैं। मार्टीनगंज संवाददाता के अनुसार सोहौली लल्लूगंज बाजार स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के समय से न खुलने से नाराज लोगों ने बरदह-बूढऩपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोग सड़क से हटने को तैयार नहीं थे। शाम चार बजे तक भी जब कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो लोग स्वत: ही घर चले गए।