आजमगढ़। ब्राह्मण समाज कल्याण परिषद 23 जुलाई को लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक और चंद्रशेखर आजाद की जयंती मनाएगा। इसकी तैयारी के लिए शुक्रवार देर शाम एलवल स्थित शिविर कार्यालय में बैठक हुई।
बैठक की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष ब्रजेश नंदन पांडेय ने की। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक और चंद्रशेखर आजाद की जयंती मनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 23 जुलाई को सुबह सात बजे पॉलिटेक्निक तिराहा स्थित चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।
इसके बाद शाम चार बजे से भद्दुली स्थित साई इंटरनेशनल स्कूल में जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान दोनों स्वतंत्रता सेनानियों के व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा की जाएगी। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय के कुलपति संजीव कुमार मुख्य अतिथि होंगे। संयुक्त विकास आयुक्त रामबाबू त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शशांक तिवारी को कार्यक्रम का संयोजक बनाया गया है।
बैठक में महामंत्री मनोज कुमार त्रिपाठी ने परिषद के आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। बैठक में संरक्षक तारकेश्वर मिश्र, इं. कैलाश नाथ चतुर्वेदी, गिरीश चतुर्वेदी, गोविंद दुबे, उपेंद्र दत्त शुक्ला, शशांक तिवारी, गिरीश दत्त मिश्रा आदि मौजूद रहे। संवाद