सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के चकलालचंद गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरों ने डेढ साल की मासूम बच्ची को रौंद दिया। हादसे में मासूम गंभीर रुप से घायल हो गई। परिजन उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
चकलालचंद गांव निवासी प्रीतम विश्वकर्मा की डेढ़ साल की पुत्री मिस्टी सोमवार की सुबह साढ़े सात बजे अपने घर के बाहर खेलने के लिए निकली। इसी दौरान वह सड़क पर आ गई और रजादेपुर की तरफ से आ रही बोलेरों ने उसे रौंद दिया। बच्ची को जोरदार टक्कर लगी और वह गंभीर रुप से घायल हो गई। घटना के बाद बोलेरे सवार मौके पर ही गाड़ी छोड़ कर फरार हो गया। परिजन घायल बच्ची को तत्काल इलाज के लिए जीयनपुर कस्बा स्थित कई प्राइवेट अस्पताल ले गए, लेकिन हर जगह जवाब दे दिया गया। इस पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे कि रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटना करने वाले बोलेरो को भी थाने ले आई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।