ठेकमा। बरदह थाना क्षेत्र के केदलीपुर नहर पुलिया व बंधवा महादेव के पास शुक्रवार की देर शाम दो अलग-अलग घटनाओं में बोलेरो व बाइक की टक्कर में दो की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
बरदह थाना क्षेत्र के अटाटपुर गांव निवासी बृजलाल यादव (50) ठेकमा बाजार में किराना की दुकान करता था। शुक्रवार की देर शाम सात बजे वह दुकान बंद कर बाइक से वापस घर लौट रहा था। अभी वह केदलीपुर नहर पुलिया पर पहुंचा था कि सामने से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। हदसे में बृजलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे पीएचसी ठेकमा ले गए जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बरदह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था और दो बेटियों का पिता था। एक बेटी का ब्याह हो चुका है। उधर, बंधवा महादेव मंदिर के पास शुक्रवार को दिन में बोलेरो की चपेट में आकर बाइक सवार दुबरा गांव निवासी हरिओम विश्वकर्मा (44) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जौनपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। वह दो भाइयों में बड़ा था और तीन पुत्र व एक पुत्री का पिता था। वह रोजी रोटी के लिए गुजरात रहता था। मां के निधन पर घर आया हुआ था। हरिओम का शव भी पुलिस ने पीएम के लिए भेज दिया है।