सरायमीर। कस्बे के खपड़ा गांव मोड़ पर गढ़वा मुहल्ला रेलवे क्रासिंग के समीप शुक्रवार रात साढ़े दस बजे बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में बोलेरो पोल से टकराकर अनियंत्रित हो गई और पंचर बनाने की दुकान को क्षतिग्रस्त करते हुए पेड़ से जा टकराई। इस दौरान हवा भरने वाला सिलिंडर के फट जाने से हड़कंप मच गया। हादसे में बोलेरो सवार तीन लोग घायल हो गए।
अंबेडकरनगर जिले के जैतपुर थाना अंतर्गत डरारी गांव के रहने वाले कुछ लोग शुक्रवार की रात बोलेरो से वाराणसी से बरात करके घर लौट रहे थे। सरायमीर कस्बा स्थित गढ़वा रेलवे क्रासिंग के पास बालेरो के सामने बाइक सवार आ गए। उनको बचाने के चक्कर में बोलेरे अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पोल से टकरा कर सड़क की पटरी पर स्थित एक पंचर बनाने वाली दुकान को क्षतिग्रस्त करते हुए पेड़ से जा टकराई। इस दौरान पंचर बनाने वाले के दुकान में रखी हवा मशीन का सिलेंडर भी तेज आवाज के साथ फट गया। वहीं बोलेरो में सवार शिव प्रसाद गोंड (55), मनोज गोंड (21) और अखिलेश (26) गायल हो गए। पुलिस ने तीनों को पीएचसी खरेवा मोड़ भेजा जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने तीनों को रेफर कर दिया। उनको जिला मुख्यालय स्थित एक प्राइवेट अस्पताल पर भर्ती कराया गया है। बोलेरो चालक फुलवरिया गांव का रहने वाला था, वह मौके पर ही गाड़ी छोड़ कर फरार हो गया।